मंगलवार को टेक कंपनी रियलमी ने अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस रियलमी पैसा (Paysa) को लॉन्च किया। इसी के साथ कंपनी फाइनेंशियल सर्विस सेगमेंट में भी एंट्री कर ली है। कंपनी का कहना है कि यह पहला ऐसा फुल स्टेक फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफार्म है। इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यूजर्स समेत देश के छोटे और मध्यम उद्योगों को लोन मुहैया कराएगी। कंपनी ने फाइनेंशियल सर्विस मुहैया करान के लिए ओप्पो के फिनटेक स्टार्टअप कंपनी फिनशेल के साथ साझेदारी की है। फिलहाल इसे सिर्फ बीटा यूजर्स ही इस्तेमाल कर सकेंगे, जल्द ही इसकी एंड्रॉयड ऐप को जारी कर दिया जाएगा, जिसमें फ्री क्रेडिट रिपोर्ट, स्क्रीन इंश्योरेंस और पर्सनल लोन जैसी सुविधाओं का लाभ लिया जा सकेगा।
रियलमी पैसा भारत में पहले से मौजूद श्याओमी की एमआई क्रेडिट सर्विस को चुनौती देगी। एमआई क्रेडिट सर्विस भी 5 मिनट में एक लाख रुपए तक का लोन अपने यूजर्स को मुहैया कराती है। रियलमी ने सिर्फ टीयर-1 और टीयर-2 शहरों में बल्कि टीयर-4 और टीयर-5 शहरों में रहने वाले यूजर्स को इस सर्विस से जोड़ेगी। श्याओमी वित्तिय वर्ष 2019 खत्म होने से पहले एमआई क्रेडिट सर्विस को देश के 19 हजार पिन कोड तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है।
पहली डिजिटल पेमेंट ऐप जो व्यापारियों को भी लोन मुहैया कराएगी
डेटा सुरक्षित रहेगा
इस ऐप से सेविंग एंड प्रोटेक्शन, पेमेंट, लोन समेत कई तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। कंपनी का कहना है सभी यूजर्स का डेटा भारत में ही सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही इसे यूजर फ्रेंडली बनाने के लिए ह्यूमन कस्टमर सर्विस दी जाएगी, जिसमें यूजर हिंदी और अंग्रेजी में चैट कर सकेगा। यह दिन में 16 घंटे और सातों दिन उपलब्द रहेगी।
फ्री क्रेडिट रिपोर्ट
ऐप पर फ्री क्रेडिट रिपोर्ट देखी जा सकेंगी। हालांकि पहली तीन रिपोर्ट एकदम फ्री होंगी लेकिन इसके बाद यूजर्स को क्रेडिट रिपोर्ट देखने के लिए भुगतान करना होगा। इस सुविधा के लिए कंपनी ने क्रेडिटमंत्री से साझेदारी की है।
पर्सनल लोन मिलेगा
ऐप के जरिए यूजर्स को 8 हजार से एक लाख तक का लोन सिर्फ 5 मिनट में मुहैया कराया जाएगा। कंपनी लोन का अमाउंट सिर्फ 5 मिनट में यूजर के अकाउंट में ट्रांसपर कर देगी। इसे चुकाने के लिए 3 महीने से 12 महीने तक का समय भी दिया जाएगा। इस सुविधा के लिए कंपनी ने अर्ली सैलरी से साझेदारी की है।
स्क्रीन इंश्योरेंस
ऐप के जरिए नए पुराने सभी स्मार्टफोन पर स्क्रीन इंश्योरेंस की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए कंपनी ने एआई तकनीक की मदद भी ली है जो स्क्रीन टूटने की स्थिति में उसकी पहचान करेगी। यूजर इसके लिए अधिकतम दो बार क्लेम कर सकेंगे। सारी प्रक्रिया ऐप के जरिए ही पूरी की जाएगी। इसके लिए कंपनी ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के साथ साझेदारी की है।
बिजनेस लोन
रियलमी पैसा ऐप के जरिए छोटे और मध्यम उद्योग को भी लोन दिया जाएगा। ऐप के जरिए व्यापारियों को 50 हजार रुपए से 20 लाख रुपए तक का लोन दिया जाएगा। व्यापारियों को यह लोन डिजिटली और फ्लैक्सिबल टेन्योर के साथ उपलब्ध कराय जाएगा। इसके लिए कंपनी ने लेंडिंगकार्ट के साथ साझेदारी की है।